खुटहन। थाना क्षेत्र के कम्मरपुर गांव में फसल सुरक्षा के लिए लगाए गए बाड़ में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। मृतक मानसिक रुप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
कृष्णापुर गांव निवासी वंशराज निषाद (51) शनिवार की सुबह टहलते हुए कम्मरपुर गांव की तरफ चला गया था। वहां एक खेत में सुरक्षा के लिए तार से लगाए गए बाड़ को उसने हाथ लगाया, तभी उसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। वंशराज की कोई संतान नहीं है। भतीजा रमाशंकर निषाद ने बताया कि वह मानसिक रुप से विक्षिप्त था, जिसका उपचार चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। रमाशंकर निषाद ने बाड़ में करंट दौड़ाने वाले किसान के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। एसओ जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।