उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर सोमवार की शाम भामाशाह जयंती व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाई गई। राज्य कर विभाग जौनपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के आर्थिक विकास में योगदान देने वाले आठ बड़े करदाताओं को सम्मानित किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि थे। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विभाग की ओर से उपायुक्त अक्षय लाल ने सभी आगंतुकों और अतिथियों का स्वागत किया। विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। सम्मानित करदाताओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र दिए गए। मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों ने व्यापारियों के हितों तथा सुरक्षा आदि बिंदुओं पर चर्चा की। संस्कृति विभाग की ओर से राहुल पाठक ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त राज्य कर वरुण कुमार त्रिपाठी ने किया। इस दौरान राज्य कर विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिले के विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इनमें दिनेश टंडन, अनिल सिंह, श्याम सिंह, राधेरमण जायसवाल, श्रवण कुमार जायसवाल, विनीत सेठ, सोहनलाल स्वर्णकार और नन्हेलाल वर्मा प्रमुख थे।