जिले में डेंगू का संक्रमण बढ़ रहा है। बुधवार को देर रात आई रिपोर्ट के अनुसार आठ नए डेंगू के मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि बृहस्पतिवार को कोई भी मरीज नहीं मिला। अब तक जिले में एनएसवन पाॅजिटिव के 200 लोगों की एलाइजा जांच कराने के बाद डेंगू के 132 मरीज मिले हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डा.बीपी सिंह का कहना है कि जिला अस्पताल में नियमित रूप से जांच कराई जा रही है। नगर समेत ग्रामीण इलाकों में भी डेंगू का कहर काफी कम रहा है। जबकि शहरी इलाके में 70 से अधिक मरीज मिल चुके हैं। शहर के निजी अस्पताल प्लेटलेट्स की कमी वाले मरीजों से पटे पड़े हैं। निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों की रिपोर्टिंग नियमित रूप से नहीं किए जाने के कारण मरीजों का सही आंकड़ा नहीं मिल पा रहा है।
शहर के मियांपुर मोहल्ला, हुसैनाबाद, वाजिदपुर और भंडारी स्टेशन इलाके में सबसे अधिक मरीज मिले हैं। इसी प्रकार जलालपुर ब्लाक का रेहटी, महिमापुर व असबरनपुर ग्राम पंचायत का क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हैं। जिले में अब तक कुल 132 मरीज मिल चुके हैं। लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।