अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण में मंचासीन ।
- फोटो : Samvad
जौनपुर। दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के सभागार में मंगलवार को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अवधेश सिंह, मंत्री मनीष कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है। सम्मान पर किसी भी स्तर पर आंच बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पदाधिकारियों ने कहा कि बार की एकता, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा। वादकारियों को जल्द न्याय दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। जिला जज सुशील कुमार शशि ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बार की प्रगति और विकास के साथ वादकारियों को जल्द न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि शपथ ग्रहण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। समारोह में अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार यादव, उमेश कुमार द्वितीय, पशुपति नाथ मिश्रा, रूपाली सक्सेना, रणजीत कुमार, सीजेएम श्वेता यादव, रोहित पटेल, सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।