मीरगंज। प्रदेश सरकार बेहतर शिक्षा के लिए करोड़ों खर्च कर रही है लेकिन मछलीशहर विकास खंड के भटहर स्थित कंपोजिट विद्यालय की बदहाली इन दावों की पोल खोल रही है। सोमवार सुबह 8:45 बजे तक स्कूल के कमरों में ताले लटकते मिले और छात्र शिक्षकों के इंतजार में वापस घर लौटने को मजबूर हो गए। सुबह 8:30 बजे जब विद्यालय की पड़ताल की गई, तो वहां सन्नाटा पसरा था। सात शिक्षकों के भारी-भरकम स्टाफ में से केवल एक शिक्षामित्र (राजेश तिवारी) और एक रसोइया ही मौजूद थे। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर स्कूल न खुलना यहां की पुरानी समस्या है। शिक्षामित्र ने दलील दी कि अधिकतर स्टाफ जनगणना की ट्रेनिंग में गया है। हालांकि, बीईओ मछलीशहर अमरदीप जायसवाल ने स्वीकार किया कि ट्रेनिंग 9:30 बजे से है लेकिन वे इस सवाल का जवाब नहीं दे पाए कि ट्रेनिंग से पहले स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य होने के बावजूद ताले क्यों लटक रहे थे। विभाग की इस लापरवाही से स्थानीय अभिभावकों में आक्रोश है।