केराकत। स्वच्छता अभियान कितना सच कितना झूठ इसे जानने के लिये अमर उजाला ने शनिवार को मुफ्तीगंज विकास खंड के परिषदीय विद्यालयों की पड़ताल की। विद्यालयों में शौचालयों की दशा बेहद खराब है। तमाम विद्यालयों में आज भी बच्चे शौच के लिए खुले में जाते हैं। कहीं शौचालयों में ताला बंद है तो कहीं कूड़ा करकट भरा हुआ है। शौचालय के चारो तरफ झाड़ उग आए हैं। जिससे शौचालय इस्तेमाल लायक नहीं हैं।
जनपद मुख्यालय से 20 किलो मीटर दूर विकास खंड मुफ्तीगंज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अहन में शौचालय का निर्माण हुआ है लेकिन यहां छात्र शौचालय का इस्तेमाल नहीं करते। इस विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था दयनीय है। इस विद्यालय के छात्र आज भी रेलवे लाइन के किनारे खुले में शौच के लिए जाने को विवश हैं। विद्यालय परिसर में बने शौचालय में ताला लगा है। शौचालय के सामने उगी बड़ी-बड़ी घास फूस के चलते कोई शौचालय तक पहुंच नहंीं सकता। यहां के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार राव का कहना है कि सफाई कर्मी के न आने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इसकी शिकायत भी शिक्षाधिकारी से की जा चुकी है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय विजयीपुर की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। जहां छात्र-छात्राएं अभी भी खुले में शौच के लिए विवश हैं। इस विद्यालय का शौचालय पिछले तीन वर्षों से टूटा हुआ है। प्रधानाध्यापक कैलाश नाथ का कहना है कि इस बारे में दो माह पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी को अवगत करा चुका हूं किंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। हम किसी अभिभावक के पास बच्चों के विद्यालय में प्रवेश कराने हेतु जाते हैं तो वे साफ इंकार कर देते हैं कि विद्यालय में शौचालय की व्यवस्था नहीं है तो कैसे हम अपने बच्चे व बच्चियों को स्कूल भेजें। इसी प्रकार पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुचितपुर व पूर्व माध्यमिक विद्यालय बीरमपुर का शौचालय भी अत्यंत दयनीय है। इन दोनों स्कूलों के छात्र व छात्राएं खुले में शौच के लिए जाते हैं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय कदहरा का भवन जर्जर हो चुका है। बारिश होने पर यहां विद्यालय की छत से पानी टपकता है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय अहन की कक्षा आठ की छात्रा कुमारी माला व छात्र धनंजय चौहान का कहना है कि पिछले पांच माह से शौचालय में ताला लगा है। शौचालय के चारों तरफ झाड़ उग आए हैं। मजबूरी में छात्र शौच के लिए रेलवे लाइन के किनारे खुले में जाते हैं। खंड शिक्षाधिकारी मुफ्तीगंज संजय कुमार का कहना है कि विकास खंड के कुछ विद्यालयों में शौचालय इस्तेमाल लायक नहीं हैं। कुछ विद्यालयों में सफाई कर्मी जाते ही नहीं हैं। इन सारी समस्याओं से ऊपर के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
विकास खंड मुफ्तीगंज एक नजर में
प्राथमिक विद्यालय 81
प्राथमिक विद्यालयों में छात्र संख्या 9908
पूर्व माध्यमिक विद्यालय 35
पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में छात्र संख्या 3422
प्राथमिक विद्यालय में अध्यापकों की संख्या 242
शिक्षा मित्र 96
पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक संख्या 92
अनुदेशक शिक्षक 19