पूर्वांचल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के 10 स्वयंसेवकों का दल पुरुलिया पश्चिम बंगाल में होने वाले सात दिवसीय राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में भाग लेने के लिए बुधवार को रवाना हुआ। कुलसचिव महेंद्र कुमार एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राकेश कुमार यादव ने विश्वविद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
दल का नेतृत्व डॉ. संतोष कुमार पांडेय कार्यक्रम अधिकारी आरएस केडीपीजी कॉलेज कर रहे हैं। यह दल 16 से 22 दिसंबर तक जगन्नाथ कॉलेज पुरुलिया पश्चिम बंगाल में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। दल में 5 स्वयंसेवक तथा 5 स्वयंसेविकाओं सहित दस सदस्यीय यह दल उत्तर प्रदेश की सभ्यता एवं संस्कृति का प्रदर्शन शिविर में करेगा। कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने स्वयं सेवकों को इस शिविर में अच्छे प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामना दी। कुलसचिव महेंद्र कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है कि सभी स्वयंसेवक हमारे ही विश्वविद्यालय से चुने गए हैं। जो पूरे प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर डॉ. राकेश यादव ने क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अशोक कुमार व डॉ. अंशुमालि शर्मा आदि मौजूद रहे।