जलालपुर(जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में सई नदी के किनारे सोमवार की शाम मिट्टी का टीला ढहने से उसके मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मिट्टी के टीले में बने मांद में शिकार की तलाश में घुसे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंड्रा गांव निवासी विनोद चौहान, अजय चौहान, अविनाश चंद्र और सतीश चौहान शिकार की तलाश में जलालपुर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में सई नदी के किनारे पहुंचे थे। यहां नदी के किनारे वे एक शाही का पीछा करते एक मांद के पास पहुंचे। शाही माद में घुस गया तो उसकी खुदाई शुरू कर दिया।
दो बजे से मांद की खुदाई शुरू की। शाम करीब छह बजे तक वे खुदाई कर रही रहे थे तभी मिट्टी का टीला ढह गया। विनोद चौहान (32) और अजय चौहान (29) मलबे में दब गए। बाहर मौजूद उनके साथी अविनाश और सतीश नो शोर मचाया। गांव के लोग भी पहुंच गए।
पुलिस को सूचना दी गई। पुुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटवाकर शव बाहर निकाला। सूचना पर दोनों के परिवार के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।