फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: पशु से टकराकर ई-रिक्शा खंदक में पलटा, चालक की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
मल्हनी। सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के कौडियां मोड़ के पास शुक्रवार की शाम पोटरियां से जपटापुर की ओर जा रहा एक ई-रिक्शा पशु से टकराकर अनियंत्रित हो गया और खंदक में पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है। आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थानाक्षेत्र के यूसुफपुर खानपुर गांव निवासी 55 वर्षीय राजकुमार ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पुत्र दीपक राना ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी ई-रिक्शा लेकर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरियां गांव गए थे। शाम करीब 5:30 बजे वह पोटरियां-जपटापुर मार्ग से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कौडियां मोड़ के समीप पहुंचे, तभी अचानक सड़क पर एक पशु आ गया। इससे रिक्शा अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने डायल 108 पर सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। मृतक के पुत्र दीपक राना ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। पिछले वर्ष उनके पिता ने ईएमआई पर ई-रिक्शा खरीदा था, जिससे परिवार का खर्च चलता था। पिता की अचानक मौत से अब पूरे परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। एक ओर परिवार के भरण-पोषण की चिंता है, तो दूसरी ओर कर्ज का बोझ भी है। मृतक की पत्नी निर्मला ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। पुत्री रोशनी और बड़े पुत्र दीपक का विवाह हो चुका है, जबकि छोटे पुत्र दीपांश के विवाह की तैयारी चल रही थी। शुक्रवार सुबह राजकुमार ने शाम तक घर लौटने की बात कहकर घर से निकले थे लेकिन देर रात तक इंतजार के बाद फोन पर उनके हादसे में मौत की सूचना मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें