संवाद न्यूज एजेंसी
सिंगरामऊ। क्षेत्र में शनिवार को दोपहर बाद आई तेज आंधी ने काफी नुकसान पहुंचाया। सिंगरामऊ उपकेंद्र से जुड़े रतासी फीडर, कुशहा फीडर से संबंधित जुड़े 12 से अधिक बिजली के खंभे उखड़ कर गिर गए। चार ट्रांसफाॅर्मर 10 केवीए और एक ट्रांसफाॅर्मर 25 केवीए का पोल सहित धराशायी हो गए। उपकेंद्र से संबंधित छह फीडरों में चार फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
प्रभावित क्षेत्र में लगभग कई दर्जन पेड़ उखड़ कर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आधी इतनी तेज थी कि लग रहा था सब कुछ उखाड़ ले जाएगी। बरैया, नकहरा गांव में राजेंद्र यादव, रामजीत यादव, शिव शंकर गौतम, बजरंगी आदि का सीमेंट शेड उड़कर टूट गया।
इधर तेज आंधी के चलते फोर लेन 731 पर बछुआर गांव के पास ओशिश पार्क के सामने बने प्रवेश द्वार का स्वागत गेट उखड़कर क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग से उसे समय गेट के नीचे कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहे थे, अन्यथा हादसा हो सकता था।
बिजली के पोल के विषय में उपकेंद्र के अवर अभियंता हाफिजुर रहमान अंसारी ने बताया कि अधिशासी अभियंता से बात हुई है, उन्होंने तुरंत कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से कार्य करा के बिजली की सप्लाई चालू करने का आश्वासन दिया है।