जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही मनमाना बिजली कटौती के कारण लोग परेशान हैं। दिन और रात मिलाकर 12 से 14 घंटे तक कटौती हो रही है। इससे लोगों को पीने के पानी की भी दिक्कत हो रही है।
बदलापुर : मंगलवार की रात लगभग 11 बजे से बिजली ठप हो गयी। इससे 50 से अधिक गावों में अंधेरा पसर गया। वहीं सुबह होते ही पेयजल के लिए हाहाकार मच गया। मरगूपुर गांव में 33 हजार में ब्रेक डाउन हो गया था। बुधवार की दोपहर आपूर्ति बहाल हो सकी। इस बीच सिंगरामऊ, लालगंज,दयालापुर, खानपुर, सिरकिना,बहुर,करनपुर,पहितियापुर, बहरा, खजुरन, फत्तूपुर,कबेली, बबुरा, रतासी,बहरीपुर, रामपुर,कुशहा सहित 50 से अधिक गावों के उपभोक्ता को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। इसी तरह कम्मरपुर गांव में बिजली का पोल व तार टूटने से आपूर्ति ठप हो गयी। 30 से अधिक घरों में पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। मछलीगांव फीडर की भी आपूर्ति बुधवार को दिन भर ठप रही। एसडीओ कौशल कुमार ने बताया कि दोनों फीडर की 33 केवी लाइन ब्रेक डाउन थी। इससे आपूर्ति ठप थी। दोनों फीडर को सही करा दिया गया है।
सिंगरामऊ : विद्युत उपकेंद्र पर लगभग 14 घंटे से विद्युत आपूर्ति बाधित है। मंगलवार की रात 12 बजे से बुधवार को लगभग दोपहर 2 बजे पावर सप्लाई चालू हो सकी। उपकेंद्र सिंगरामऊ के तहत आने वाले तीन फीडरों में लगभग 60 से अधिक गांव बछुआर, हरिहरपुर, नकहरा,सिंहावल, लालगंज, खानपुर, रामपुर, रतासी आदि गांवों में आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी पेयजल की रही। बिजली न रहने से व्यापार भी ठप रहा? इस मामले में विभाग के एसडीओ कौशल कुमार ने बताया कि 33 केवी की लाइन ब्रेकडाउन हो जाने से आपूर्ति ठप थी। उसको सही कराकर आपूर्ति चालू कर दी गई है।