जौनपुर। पीएम आवास की किस्त दिलाने के नाम पर लाभार्थी से रिश्वत लेने के आरोपी डूडा में संविदा पर तैनात जेई भरतलाल यादव को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। वह जनवरी से ही फरार चल रहा था।
शहर के मतापुर मोहल्ले में नौ जनवरी को आयोजित जन चौपाल में राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के समक्ष मंडी अहमद खां निवासी छोटेलाल बेनवंशी ने शिकायत की थी कि डूडा में संविदा पर तैनात जेई भरत लाल यादव ने पीएम आवास की किस्त दिलाने के नाम पर उनसे दो हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर मंत्री के निर्देश पर जेई के खिलाफ परियोजना अधिकारी डूडा ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली में केस दर्ज कराया था। केस दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था। कोतवाली प्रभारी संजीव मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी भरतलाल यादव निवासी गुरैनी थाना खेतासराय को नखास तिराहे के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।