सुइथाकलां। सरपतहां थानां क्षेत्र के बासूपुर (कोइरीपुर) में मंगलवार की रात बारह बजे के आसपास शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे डायल 112 के सिपाही की ग्रामीणों से हाथापाई हो गई। आरोप है कि सिपाही नशे में धुत होकर रिवाल्वर लहरा रहा था। मामले में पुलिस तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोप है कि गांव स्थित सिवान में नशे में बैठे एक व्यक्ति ने बाहर जा रही महिलाओं से अश्लीलता की। इसकी सूचना महिलाओं द्वारा अपने परिजनों को दी गई। इसके बाद फोन करके डायल 112 पुलिस को बुलाया गया। आरोप है कि एक सिपाही खुद नशे में था। वह गांव में पहुंचते ही रिवाल्वर निकालकर गाली-गलौज करने लगा और जेल भेजने की धमकी देने लगा। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और हाथापाई की। बाद में कुछ लोगों के प्रयास से पुलिस को वापस भेजा गया। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि नशे में धुत कुछ ग्रामीणों द्वारा सिपाही के साथ अभद्रता की गई। तीन युवकों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।