जफराबाद। जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव के पास सई नदी में रविवार को नहाने गए दो बालक डूबने लगे। इस दौरान वहां पर मौजूूद स्थानीय लोगों ने एक बालक को डूबने से बचा लिया, हालांकि दूसरा बालक नदी में डूब गया। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे बालक की तलाश करवा रही है। बाकराबाद बरबसपुर गांव निवासी अंकित सरोज (12) पुत्र गुलाब सरोज तथा राबिंस जायसवाल (15) पुत्र विजय जायसवाल रविवार को घर से बिना बताये सई नदी में नहाने के लिए इजरी गांव के पास पहुंच गए। दोनों नदी में नहाने लगे। इसी बीच दोनों गहरे पानी में डूबने लगे। दोनों को डूबते देख वहां मौजूद इजरी गांव के कुछ लड़के नदी में कूद रहे और पानी में डूब रहे राबिंस को बाहर निकाल लिया। हालांकि अंकित सरोज का पता नहीं चल पाया। राबिंस ने बताया कि उसका दोस्त अंकित भी पानी में डूबा है। यह सुन वे युवक अंकित को खोजने लगे लेकिन वह नहीं मिला। इस बीच घटना की जानकारी होने पर गांव के काफी लोग वहां एकत्र हो गए। घटना की सूचना पर जलालपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे अंकित को तलाश कराने लगी। खबर लिखे जाने तक अंकित का पता नहीं चल सका था।