मुंगराबादशाहपुर। सतहरिया स्थित अभिनव स्टील फैक्ट्री से 18 टन सरिया लादकर गाजीपुर जा रहे ट्रक चालक को अगवा कर कार सवार बदमाशों ने ट्रक लूट लिया। लूटी गई सरिया की कीमत आठ लाख से अधिक बताई गई है। सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी है।
मंगलवार की रात 9 बजे अभिनव स्टील फैक्ट्री से 18 टन सरिया लदकर ट्रक गाजीपुर जाने के लिए निकला था। ट्रक कुंवरपुर स्थित टोल प्लाजा पर करीब 9:26 पर पहुंचा और गाजीपुर के लिए रवाना हुआ। ट्रक चालक कल्पनाथ यादव निवासी आजमगढ़ के अनुसार ट्रक मछलीशहर और सिकरारा के बीच आनापुर गांव के पास कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके ट्रक को रोक लिया और तमंचे के बल पर ट्रक से उतारकर हाथ पैर व मुंह बांधकर कार मे बैठा लिया। कार सवार एक बदमाश ट्रक को लेकर मुंगराबादशाहपुर की तरफ चल दिया। कार सवार बदमाश ड्राईवर को लेकर फरार हो गए। बदमाश फूलपुर प्रयागराज के करीब पहुंचे तो वहां पर पुलिस के कुछ जवान दिखाई दिए जो वाहनों के कागजात चेक कर रहे थे। कार के पास पुलिस के पहुंचते ही कार सवार बदमाशों ने कार को तेजी से मोड़कर भाग निकले और मुंगराबादशाहपुर फूलपुर के बीच (बरना) गांव के पास आकर कार को छोड़कर खेतो के रास्ते फरार हो गए। पीछा करते हुए पुलिस भी पहुंची तो कार में बांधकर लिटाया गया ट्रक चालक मिला।
चालक ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अभिनव स्टील के मैनेजर दिलिप खूंटियां को घटना की जानकारी दी। कुंवरपुर स्थित टोल प्लाजा का सीसीटीवी फुटेज खगांला गया जिसमे 11:26 बजे सरिया लदा ट्रक मुंगराबादशाहपुर की तरफ आते दिख रहा है। मुंगराबादशाहपुर व फूलपुर की पुलिस तहरीर के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हुई है। माना यह जा रहा है कि बदमाश सरिया लदे ट्रक को लेकर बदमाश प्रयागराज या प्रतापगढ़ की ओर फरार हो गए।