जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के बनुआडीह बाजार में करीब 22 दिन पूर्व ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शाहगंज थाना क्षेत्र के बसवरियां गांव निवासी ट्रैक्टर स्वामिनी प्रमीला ने प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि दिपाईपुर गांव निवासी विशाल उनका ट्रैक्टर चलाता था। 16 मई को ट्रैक्टर लेकर बसवरियां गांव आ रहा था। बनुआडीह बाजार के पास तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। जिसमें दबकर शाहगंज थाना क्षेत्र के समैसा गांव निवासी शनि की मौत हो गई थी। चालक विशाल भी घायल हो गया था। प्रभारी निरीक्षक खुटहन संजय वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लिया गया है।