जौनपुर। श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर रविवार को सदर विधानसभा के जौनपुर दक्षिणी वार्ड में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए जो बलिदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत आज विशेष पौधरोपण हुआ आने वाली पीढ़ियों को यह कार्यक्रम हरियाली का संदेश देने के साथ देशभक्तों के बलिदान की याद दिलाएगी। पौधरोपण सभी का सामाजिक दायित्व है। भविष्य की सुरक्षा के लिए सभी कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल की अपील की। भाजपा प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम सिर्फ पर्यावरणीय पहल नहीं, भावनात्मक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में जुड़ने की अपील की। जिला महामंत्री सुशील मिश्र ने भी एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा रोपित किया। इस पावन अवसर को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्र भक्ति का प्रतीक बताया। पूर्व विधायक सुषमा पटेल ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ सिर्फ एक पर्यावरणीय अभियान नहीं, यह भावनात्मक और नैतिक जिम्मेदारी है। हमें न केवल पौधे लगाने हैं, बल्कि उन्हें संरक्षित भी करना है। इस मौके पर भाजपा नेता विवेक सिंह राजा, डॉ अंजना सिंह, रत्नाकर सिंह, डॉ प्रदीप तिवारी आदि मौजूद रहे।