गौराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के गौरा डिहवा बजरंग बली मंदिर के पास शुक्रवार को घर से काॅलेज जा रहे डीफार्मा छात्र पर नकाबपोश बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल छीनने के प्रयास में बदमाशों ने छात्र पर हमला किया है।
आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के गोड़हरा गांव निवासी हिमांशु सिंह (19) पुत्र दिनेश सिंह गौराबादशाहपुर के नयनसंड स्थित निर्मला फार्मेसी काॅलेज में डी फार्मा द्वितीय वर्ष का छात्र है। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे वह साइकिल से अपने घर से काॅलेज की तरफ जा रहा था। जैसे ही गौरा गांव के पास पहुंचा था तभी एक बाइक पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे हिमांशु की गर्दन में चाकू से गंभीर चोट आई। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे की बट से हिमांशु के सर पर भी वार कर दिया। ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश हथियार फेंककर बाइक लेकर भाग निकले। एक तरफ पुलिस जहां जांच में जुटी है वही घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। थानाध्यक्ष चंदन राय का कहना है कि मोबाइल छीनने के प्रयास में छात्र पर हमला हुआ है। मौके से कोई हथियार नहीं मिला है, घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।