जौनपुर। होली के त्योहार को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। होली पर किसी तरह की घटना होती है या फिर रंग खेलने के दौरान किसी की आंख या त्वचा पर कोई परेशानी होती है तो उसके इलाज के लिए जिला अस्पताल में ऑन काल ड़्यूटी पर डाॅक्टर उपलब्ध रहेंगे। डाॅक्टरों को अस्पताल परिसर नहीं छोड़ने के लिए जल्द पत्र जारी कर दिया जाएगा।
होली पर जिला अस्पताल में चिकित्सकों की 24 घंटे की ड्यूटी लगाई जाएगी। आंख रोग विशेषज्ञ और त्वचा रोग विशेषज्ञ की तैनाती की जाएगी। सोमवार को बैठक कर चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इमरजेंसी में पर्याप्त दवाएं रखी जाएंगी, ताकि किसी को दवा के लिए परेशानी न उठानी पड़े। होली के एक दिन पहले से एक दिन बाद तक स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्था रहेगी । अस्पताल के स्टाफ को भी पत्र जारी कर ड्यूटी की सूचना दी जाएगी। होली को लेकर अभी से सतर्कता बढ़ा दी गई है। मरीजों के इलाज के लिए ओपीडी में डाक्टरों को निर्देश जारी कर दिया गया है।
होली के त्योहार पर आंख और त्वचा के डाॅक्टरों की प्राथमिकता से ड्यूटी लगाई जाएगी। अस्पताल में डाॅक्टर 24 घंटे ऑन काॅल ड्यूटी पर रहेंगे। डाॅक्टरों को शीघ्र ही पत्र जारी कर सतर्क कर दिया जाएगा। पर्याप्त दवाएं उपलब्ध करा दी गईं हैं।-डाॅ. केके राय, सीएमएस, जिला अस्पताल