जिले के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में दुर्व्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। अधिकतर केंद्रों पर चिकित्सक नदारद रहे और फार्मासिस्टों ने मरीजों को दवा दी। इसके अलावा जांच भी नहीं हो सकी। राजाबाजार : महराजगंज क्षेत्र के चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 66 मरीजों का इलाज किया गया।
सभी मरीजों को निशुल्क दवा उपलब्ध कराई गई। पीएचसी राजाबाजार में आयोजित जन आरोग्य मेले में एलटी अंगद सिंह और एलए रवींद्र सिंह ने 15 मरीजों का उपचार किया। गद्दोपुर पीएचसी पर कड़ाके की ठंड में आशा और एएनएम के सहयोग से डॉ. अमित कुमार सोनी ने 22 मरीजों का इलाज किया, जिनमें 13 पुरुष और नौ महिला मरीज रहे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोहिंदा में एलटी भुनेश्वर प्रसाद चौरसिया ने 11 मरीजों का उपचार करते हुए तीन मरीजों की जांच की। पूरा लाल पीएचसी पर लगे स्वास्थ्य मेले में फार्मासिस्ट राकेश कुमार ने 18 लोगों का उपचार किया। मछलीशहर : सीएचसी के तहत पीएचसी जमालपुर में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कुल 20 मरीजों का इलाज किया गया। चिकित्साधिकारी डाॅ. आरके यादव ने बताया कि मेले में छह पुरुष, 13 महिलाओं और एक बच्चे का इलाज किया गया। फार्मासिस्ट राय साहब चौहान, नेत्र सहायक एचके गौतम, एएनएम माला देवी आदि रहे। सिंगरामऊ : पीएचसी पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में कुल 155 मरीजों का इलाज किया गया।