होली को देखते हुए बुधवार कोे विभिन्न थानों पर शांति समिति की बैठक हुई। संबंधित तहसीलों के एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में लोगों को निर्देश दिए गए कि होलिका दहन या त्योहार मनाने को लेकर कहीं कोई
विवाद की स्थिति बने तो उसे खुद से सुलझाने की कोशिश करने के बजाय पहले पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों ने कहा कि खुद से ही विवाद सुलझाने के कारण कभी-कभी बड़ी घटना हो जाती है। बुधवार को बदलापुर, सिंगरामऊ, महराजगंज, बक्शा, करंजाकला आदि थानों में शांति समिति की बैठक हुई।
बदलापुर: एसडीएम शिव सिंह की अध्यक्षता में सिंगरामऊ, महराजगंज और बदलापुर थाने में अलग-अलग समय शांति समिति की बैठक हुई।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों को त्योहार में अमन चैन बनाए रखने के लिए टिप्स दिए गए। बैठक के बाद एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस बल ने बदलापुर कस्बे में पैदल मार्च किया। इस दौरान तहसीलदार रमेश कुमार, कोतवाल विवेक सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस के जवान थे।
बक्शा: थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीएम सदर ज्ञानेंद्र सिंह ने होलिका दहन के समय सिपाहियों की पिकेट ड्यूटी पर तैनात करने का निर्देश एसओ को दिया। बैठक में बीडीओ चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, डा. जनार्दन यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख जय प्रकाश सिंह राना, गुड्डू यादव, मो. इस्लाम, विजय पाल आदि थे।
गौराबादशाहपुर: एसडीएम केराकत की अध्यक्षता में स्थानीय थाने में हुई शांति समिति की बैठक के बाद कस्बे में पुलिस ने पैदल मार्च किया।
जलालपुर: पुलिस के जवानों ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पैदल मार्च किया। थाने में एसडीएम केराकत की अध्यक्षता में हुई शांति समिति की बैठक में डा. आरके सिंह, बीईओ धनंजय सिंह, सीडीपीओ मीना गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद थे।
खेतासराय: सीओ शाहगंज मायाराम वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने कस्बे में फ्लैग मार्च किया। एसओ विश्वनाथ यादव, कोतवाली प्रभारी आरके अग्निहोत्री के अलावा सरपतहा और खुटहन थाने की पुलिस मौजूद थी।
बरसठी: थाना परिसर में एसडीएम रामकेश यादव की अध्यक्षता में हुई शांति समिति की बैठक में होली का त्योहार सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
बैठक में उपस्थित लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से होली के दिन शराब बेचवाई जाती है। सीओ वीरेंद्र कुमार के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने कहा कि शराब की दूकानों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। यदि इस तरह की शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।