बक्शा। थाना परिसर में शुक्रवार को एसडीएम सदर पवन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर परमानंद कुशवाहा की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा समितियों की बैठक हुई। एसडीएम ने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा पर्व पर किसी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन न करें। आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुर्गा पूजा समितियों से तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। पूजा समिति के पदाधिकारियों से समस्याएं पूछी। समितियों से कहा कि पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य है। मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार का अश्लील गाना वर्जित रहेगा। ऐसा होने पर कार्रवाई की जाएगी। नई मूर्ति स्थापित करने से पहले पुलिस प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति के स्थापित मूर्ति पंडालों में किसी प्रकार की कोई दिक्कत आने पर कार्रवाई होगी। प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी पंडाल में शराब पीकर कोई प्रवेश न करने पाए। पंडालों में कोई परेशानी होने पर तत्काल सूचना दें। इस मौके पर भूपेश सिंह, सुभाष गौतम, आशीष जायसवाल, प्रधान सुरेंद्र यादव, प्रधान कमलेश यादव, प्रधान अवनीश कुमार, प्रधान राजेश गौतम आदि मौजूद रहे।