जौनपुर। जिलाधिकारी ने कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले युवक के परिजनों से मुलाकात की। उनको ढाढ़स बंधाया और राशन किट दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें अन्य कल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाएगा।
मुंबई की एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाले जफराबाद के नाथूपुर गांव के युवक की मुंबई से लौटते वक्त मुंगराबादशाहपुर के क्वारंटीन सेंटर में शुक्रवार को मौत हो गई। मौत के बाद हुई जांच में उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई। परिजन उसके शव का अंतिम दर्शन करने भी नहीं आए। शव का पंवारा थाना क्षेत्र के अमोध गांव में प्रशासन ने दाह संस्कार करा दिया। सोमवार को नाथूपुर पहुंचे डीएम दिनेश कुमार सिंह ने युवक की मां, भाई, पत्नी और बच्चे से मुलाकात की। शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पूर्ण रूप से उनके परिवार के साथ है। इसके बाद वे प्राथमिक विद्यालय नाथूपुर पहुंचे। यहां मुंबई से आए प्रवासी मजदूरों से भी बातचीत कर उनका हाल जाना। गांव की आशा से बाहर से आए लोगों की निगरानी को कहा। उन्होंने गांव की महिलाओं को राशन की किट भी दिया।