जौनपुर। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार की रात जिला महिला अस्पताल में बने कोविड-एल टू अस्पताल का निरीक्षण किया। पीपीई किट पहनकर वार्डों में पहुंचे डीएम ने एक-एक मरीज से स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। वहां मिल रही सुविधाओं और डॉक्टर-कर्मचारियों के व्यवहार के बारे में भी पूछा।
मरीजों को दी जाने वाली दवा, खाना आदि की जानकारी ली। हर बेड पर जाकर मरीजों के ऑक्सीजन सैचुरेशन आदि के बारे में जानकारी ली। एक मरीज का ऑक्सीजन लेवल 85 आने पर डीएम ने डॉक्टर को निर्देश दिया कि अगर इन्हें रेमडेसिविर इंजेक्शन की जरूरत है तो दे दिया जाए। रेमडेसिविर एवं अन्य दवाओं की कोई कमी नहीं है। निरीक्षण के दौरान वार्ड के भीतर कई मरीजों के परिजन बिना पीपीई किट पहने घूमते मिले। डीएम ने कहा कि उन्हें पीपीई किट पहनकर ही वार्ड में प्रवेश करने दें। प्राइवेट वार्ड के बाहर गंदगी होने पर तत्काल साफ-सफाई कराने और खराब वाटर कूलर को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। डीएम ने लगभग एक घंटे तक विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से बात की और उन्हें आश्वस्त किया कि उन्हें किसी भी प्रकार समस्या नहीं होगी। सेवा भावना से मरीजों का इलाज करें।