जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक हुई। सीएम युवा उद्यमी योजना में लोन स्वीकृत न करने पर बैंकों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने कहा कि जो भी बैंक के प्रतिनिधि लोन स्वीकृत करने में लापरवाही बरत रहे हैं उनके ऊपर मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है, बैंकों के प्रतिनिधि को सचेत किया कि 3 मार्च तक अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बड़ौदा यूपी बैंक द्वारा एवं बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अन्य बैंकों के सापेक्ष अधिक ऋण स्वीकृत वितरण करने पर प्रशंसा करते हुए और अधिक से अधिक आवेदन पत्र पर ऋण स्वीकृत वितरण करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सीडा में जो भी हाई मास्ट लाइटें व स्ट्रीट लाइट खराब हैं, उन्हें 3 दिन के भीतर ठीक कराया जाए। साथ ही सीडा में शीघ्र अति शीघ्र सफाई टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए। उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि स्वयं की उपस्थिति में सीडा स्थित नाले की सफाई जेसीबी से कराए। उन्होंने कहा कि जनपद में नए नए उद्यम लगाने चाहिए। जनपद का सीडी रेसियो और अधिक बढ़े। इसके लिए इच्छुक लोगों को बिना परेशान किए लोन स्वीकृत किए जाएं। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, सहायक प्रबंधक उद्योग जय प्रकाश आदि उपस्थित रहे।