सीएम योगी के आगमन के मद्देनजर सिद्दीकपुर स्थित मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे कमिश्नर दीप
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर/करंजाकला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में शुक्रवार को जनसभा को संबोधित करेंगे। विभिन्न योजनाओँ के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित करेंगे। कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। बुधवार को मंडलायुक्त वाराणसी और आईजी रेंज वाराणसी ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए एकलव्य स्टेडियम में मंच तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में बारिश की वजह से व्यवधान न आने पाए इसके लिए वाटरप्रुफ टेंट लगाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर भी तीन स्तरीय घेरा तैयार किया जा रहा है। लाभार्थियों को बैठने के लिए अलग, आम जनता को बैठने के लिए अलग इंतजाम किए जा रहे हैं। सीएम के कार्यक्रम को लेकर मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, आईजी के. सत्यनारायण, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी, सीडीओ सीलम सई तेजा के साथ आला अधिकारियो ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में चप्पे-चप्पे का जायजा लिया। अधिकारी हेलीपैड स्थल, टेंट व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जनसभा स्थल का निरीक्षण कर संबंधित को निर्देश दिया कि समय से मंच आदि तैयार कर लिए जाएं। इसके बाद उमानाथ सिंह स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। वहां सभी बिंदुओं पर चर्चा की और खामियां मिलने पर कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने निर्माण एजेंसी के जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। तैयारी में पांच सौ से अधिक सफाई कर्मी सफाई कार्य के लिए लगाए गए हैं।
दो घंटे 25 मिनट तक जिले में रहेंगे मुख्यमंत्री
जौनपुर। जिला प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को करीब दो घंटे 25 मिनट तक जिले में रहेंगे। वह वाराणसी से सुबह 10 बजे पूर्वांचल विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। वहां से दस बजकर दस मिनट पर उमानाथ सिंह स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में निरीक्षण के लिए पहुंचेंगे। दस बजकर 25 मिनट पर मेडिकल कॉलेज से प्रस्थान कर 10 बजकर 35 मिनट पर निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पचहटिया का निरीक्षण करेंगे। 11 से 12 बजे के बीच पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित करेंगे। विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे। 12 बजे से सवा 12 बजे तक प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और उसके बाद गाजीपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।