जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। शीतला चौकियां मंदिर में कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मापुर के पुनर्निर्माण कार्य का गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए। त्रिलोचन महादेव मंदिर के दिव्य एवं भव्य रूप देने के लिए जिलाधिकारी स्तर से प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाए। उन्होंने इंदिरा गांधी स्टेडियम में महिला शौचालय एवं स्विमिंग पूल की क्रियाशीलता रखने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के अधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध उच्च स्तर पर पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।