जौनपुर। जिले के मरीजों को अब सीटी स्कैन की सुुविधा मिलेगी। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पीछे मशीन लगाने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। अस्पताल प्रभारी की माने तो जल्द ही मशीन आने की संभावना है। अभी मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए निजी संस्थानों में 1500 से 2000 रुपये देने पड़ रहे हैं।
जिला अस्पताल में हर रोज 1100 से 1300 मरीज इलाज के लिए आते हैं। इसमें से कई ऐसे मरीज आते हैं, जिनके सिर में चोट होती है। इन मरीजों को जिला अस्पताल में ही जल्द सीटी स्कैन की भी सुविधा मिलने लगेगी। एक माह पूर्व ही शासन से आई टीम ने मशीन लगाने के लिए जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। दो वर्ष पहले ही स्वास्थ्य विभाग ने सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए प्रस्ताव शासन और स्वास्थ्य विभाग को भेजा था। शासन स्तर से प्रदेश के 13 जिलों के जिला अस्पतालों का चयन सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए किया गया था। इसमें जौनपुर का जिला अस्पताल भी शामिल है। अस्पताल प्रशासन सीटी स्कैन मशीन लगाने की तैयारी शुरू कर दिया है। इमरजेंसी वार्ड की पीछे बने दो कमरों को तोड़कर बड़ा हाल बनाया जा रहा है। मशीन लगाने में कुछ अतिरिक्त धन की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए भी विभाग को पत्र भेज दिया गया है।
अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए जगह चिह्नित हो गई है। मशीन स्थापित होने के बाद मरीजों को सीटी स्कैन के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। -डा. केके राय, सीएमएस, जिला अस्पताल, जौनपुर।