जौनपुर। स्वास्थ्य विभाग मरीजों के लिए इलाज की सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। जिला अस्पताल को जल्द ही 42 बेड का नया वार्ड हैंड ओवर करने की तैयारी है। इससे अस्पताल में बेड की संख्या 222 हो जाएगी। इमरजेंसी में मरीजों को भर्ती करने में दिक्कत नहीं होगी।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी मरीजों की संख्या 1100 से 1200 तक पहुंच गई है। मरीजों का दबाव बढ़ने से सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत थी। ओपीडी बढ़ने के साथ ही गंभीर रोगियों की स्थिति को देखते हुए अस्पताल में वार्ड का विस्तार किया गया है। परिसर स्थित शव गृह के बगल खाली पड़ी भूमि पर 42 बेड का नया वार्ड बनकर तैयार है। वायरिंग और फिनिशिंग का कुछ काम शेष रहा गया है। सूत्रों की माने तो वार्ड जून तक विभाग को हैंड ओवर हो जाएगा। विभाग भी इसी इंतजार में है कि नया वार्ड बनकर तैयार हो जाए तो मरीजों के लिए कुछ और सुविधाएं बढ़ाई जाएं। अभी तक अस्पताल में कुल 180 बेड पर मरीजों को भर्ती किया था। इसमें 10 बेड बर्न वार्ड और 10 बेड हीट स्ट्रोक और आंख के लिए सुरक्षित है।
अस्पताल परिसर में 42 बेड का नया वार्ड बनकर तैयार है। जल्द ही हैंड ओवर किया जाएगा। डाॅ. केके राय, सीएमएस जिला अस्पताल जौनपुर