जौनपुर। शहीद उमानाथ सिंह जिला अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स ने अस्पताल के ही एक डाॅक्टर पर अश्लील हरकत व छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। नर्स ने अस्पताल के सीएमएस, भंडारी पुलिस चौकी व मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। मामले की जांच के लिए सीएमएस ने डाॅक्टरों की तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
जिला अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स ने 21 मार्च को अस्पताल के सीएमएस डाॅ. केके राय को पत्र देकर एक डाॅक्टर पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। सीएमएस को शिकायती पत्र देने के साथ ही स्टाफ नर्स ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। महिला नर्स का आरोप है कि उसे देखकर डॉक्टर तरह-तरह की छींटाकशी करने के साथ ही उसके साथ अश्लील हरकत भी करता है। मामले में पुलिस के विवेचना अधिकारी ओम प्रकाश पांडेय ने बताया कि महिला नर्स ने डाॅक्टर के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
महिला स्टाफ नर्स की शिकायत पर डॉक्टर का पैनल बनाकर जांच कराई जा रही है। डॉक्टरों के पैनल में डाॅ. नरेंद्र बहादुर सिंह, ऑर्थो सर्जन डाॅ. एके अग्रवाल व मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात महिला डाॅ. नविता पांडेय को शामिल किया गया है। अस्पताल प्रशासन व चौकी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।-डाॅ. केके राय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक।