जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) गुट की बैठक जिला उपाध्यक्ष हौशिला प्रसाद पाल की अध्यक्षता में बलराम यादव जन सेवा इंटर कॉलेज कलीचाबाद में हुई। इसमें शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
संगठन की मजबूती के लिए जिला कार्यकारिणी का विस्तार करने पर बात हुई। पुरानी पेंशन बहाली पर रणनीति बनाने, शिक्षकों के 10 वर्ष एवं 12 वर्ष की सेवा पर चयन व प्रोन्नति वेतनमान समयबद्ध करने की मांग की गई। वहीं अवशेष देयक की लंबित पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण करने, गर्मी के दौरान बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की जनगणना में ड्यूटी लगाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई।
प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव कहा कि 20 जून तक विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में ड्यूटी लिए जाने के बदले प्रतिकर अवकाश, अर्जित अवकाश शिक्षकों को प्रदान किया जाए।
जनगणना कार्य के दौरान किसी शिक्षक अथवा शिक्षिका की मृत्यु होने की स्थिति में दो करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, पारिवारिक पेंशन तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह से मुलाकात स्वागत किया।
जिला उपाध्यक्ष हौशिला प्रसाद पाल ने कहा कि विकसित भारत एवं विश्व गुरु भारत के निर्माण की आधारशिला शिक्षक ही हैं। जिला कोषाध्यक्ष राम नारायण बिन्द, विजय प्रकाश गौतम, कृष्ण मोहन यादव, प्रमोद कुमार यादव, सूरज यादव उपस्थित रहे। संचालन राम नारायण बिंद ने किया।