जौनपुर के थानागद्दी केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अवैध संबंध के विवाद में मनबढ़ों ने बृहस्पतिवार की सुबह एक घर पर धावा बोल दिया। लेकिन ग्रामीणों के घेर लेने पर सभी भागने लगे और इसी दौरान खूंटे पर गिरने से मनबढ़ों के एक साथी की मौत हो गई। जबकि मनबढ़ों की फायरिंग में गोली लगने से उनका ही एक साथी घायल हो गया। एएसपी सिटी, सीओ केराकत ने छानबीन की। गोली से घायल युवक का पता नहीं चल सका। पुलिस तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
क्षेत्र के एक गांव में महिला से अवैध संबंध को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। मतगणना के दिन भी महिला के घर के लोग मतों की गिनती कराने गए थे। भोर में लौटे तो आरोपी उनके घर पर मिला था। इसे लेकर जमकर विवाद हुआ था। उसी को लेकर आरोपी ने अपने 20 साथियों के साथ बृहस्पतिवार को धावा बोल दिया। शोर सुनकर गांव के लोग जुट गए।
इस पर मनबढ़ भागने लगे। भागते समय लालचंद्र नामक युवक जो उसी गांव में ससुराल आया था, खूंटे पर गिरकर घायल हो गया और जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, खुद को घिरते देख मनबढ़ पक्ष से फायरिंग की गई। उनकी गोली उनके ही एक साथी की कनपटी पर लग गई। इसके बाद हमलावर घायल साथी को लेकर भाग गए।
सूचना पर केराकत कोतवाल विनय प्रकाश सिंह, चौकी प्रभारी संतोष कुमार राय मौके पहुंच गए। घटना के दो घंटे बाद एएसपी सिटी संजय कुमार ने जांच पड़ताल की। बाहर से आए मनबढ़ों और गोली से घायल युवक की पुलिस तलाश कर रही है। एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि नाजायज संबंध के विवाद में मारपीट व फायरिंग हुई है। मनबढ़ों के एक साथी की खूंटे पर गिरने से मौत हुई है। अभी तक किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।