खेतासराय रंग लगी नोट बदलने के विवाद में घायल ग्राहक धीरज। संवाद
खेतासराय। नगर के एक ग्राहक सेवा केंद्र पर मंगलवार की शाम रंग लगी नोट बदलने को लेकर ग्राहक और संचालक के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि संचालक ने बोतल से हमला कर ग्राहक का सिर फोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजने के बाद मेडिकल परीक्षण कराया। आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के अरनौल गांव निवासी 38 वर्षीय धीरज अपनी ससुराल नौली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। बताया जाता है कि मंगलवार की शाम वह अपनी पत्नी अमृता के साथ खरीदारी के लिए रुपये निकालने यूबीआई शाखा के पास स्थित एक सहज जन सेवा केंद्र पर पहुंचा। उसकी पत्नी ने अपने खाते से पांच हजार रुपये निकाले। आरोप है कि निकाली गई रकम में कुछ नोटों पर रंग लगा हुआ था। नोट बदलने की बात को लेकर ग्राहक और संचालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि संचालक ने पास में रखी बोतल से धीरज के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा और बाद में मेडिकल परीक्षण पीएचसी सोंधी में कराया गया। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर विधिक कार्रवाई कर मामले की जांच की जा रही है।