चंदवक। केराकत तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को आयोजित वन डे गवर्नेंस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से शिविर में जनसमस्याओं का निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने शिविर लगाकर एक ही छत के नीचे लोगों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराईं तथा उनकी शिकायतों समाधान किया।
एसडीएम सुनील भारती ने बताया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की प्रेरणा तथा प्रभारी मंत्री एके शर्मा के मार्गदर्शन में वन डे गवर्नेंस कार्यक्रम में विभिन्न आवेदनों को स्वीकार किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। एसडीएम ने बताया कि सुबह 10 बजे शाम 5 बजे तक चले शिविर के दौरान कुल 2007 आवेदन का निस्तारण किया गया।
विकास विभाग में मिले आवेदनों में कुल 84 जन्म प्रमाण पत्र और 41 मृत्यु प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। राजस्व विभाग की ओर से वन डे गवर्नेंस के तहत 1417 आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अलावा 263 विरासत एवं 143 खतौनी में त्रुटि सुधार संबंधी आवेदनों का निस्तारण कर खतौनी की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं।