विश्व विकलांग दिवस पर गुरुवार को आयोजित खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नि:शक्त बच्चों की प्रतिभा देख लोगों ने दांतों तले अंगुली दबा ली। जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़, सूई धागा दौड़, छू कर पहचानने समेत 23 प्रतियोगिताओं में बच्चों ने
हिस्सा लिया। समेकित शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी परमहंस सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला विकलांग कल्याण अधिकारी राजेश
सोनकर ने किया। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी परमहंस सिंह यादव ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को विशेष बनाने के लिए हम सभी को आगे आना होगा। इन बच्चों की सेवा किसी यज्ञ से कम नहीं होगी। कार्यक्रम में
जलेबी दौड़ प्रतियोगिता में मोनू जायसवाल ने पहला, मोहित प्रजापति ने दूसरा और हिमांशु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। टाफी दौड़ और आदर्श मटका फोड़ में चिराग अव्वल रहे।
केला दौड़ में प्रदीप ने बाजी मारी। विजई प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर डायट प्राचार्य एसपी सिंह, डायट प्रवक्ता आरएन यादव, वित्त एवं लेखाधिकारी नंद कुमार कुरील, खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र मौर्य, चंद्रशेखर यादव, आरपी यादव, ममता सरकार, राजाराम सेठ, डा. सभाजीत यादव आदि थे।
गहनाकोठी के अधिष्ठाता विनीत सेठ ने सभी बच्चों को स्कूल बैग दिया। संचालन समेकित शिक्षा की जिला समन्वयक मंजू पासवान और केशव सिंह ने किया।