जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को जौनपुर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई की और जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने डाक बंगले में जनसुनवाई की। इस दौरान 18 महिलाओं ने अपनी-अपनी समस्याएं उन्हें बताईं। गीता बिंद ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।इसके बाद उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों से उनके विभाग से संबंधित महिलाओं की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने जौनपुर की महिलाओं को कैसे लाभान्वित किया जा सकता है उसके बारे में एक विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में ऑपरेशन के बाद वार्ड में दाखिल की गई महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान वहां बेड शीट गंदे पाए गए। इस पर उन्होंने सीएमएस पर नाराजगी जताई। जिला महिला चिकित्सालय के हेल्पडेस्क के मैनेजर सूर्य प्रताप उपस्थिति बनाकर चिकित्सालय से अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने सीएमएस महेंद्र गुप्ता को आवश्यक कार्यवाही को कहा। साथ ही निर्देशित किया गया कि अस्पताल में आने वाली महिलाओं के साथ जिला महिला चिकित्सालय के कर्मचारी और डॉक्टर उचित और मर्यादित व्यवहार करें। उन्होंने बाहर की दवाएं न लिखने की भी सख्त हिदायत दी।