बदलापुर। सल्तनत बहादुर इंटर कालेज में एक व दो नवंबर को बदलापुर महोत्सव आयोजित किया गया है। इसको यादगार बनाने के लिए जोरशोर से तैयारियां की जा रही हैं। इसमें 251 जोड़े एक साथ सात फेरे लेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत कई कैबिनेट व राज्यमंत्री शिरकत करेंगे। इस महोत्सव में सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में आजमगढ़ से सांसद भोजपुरी सुपर स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ, अभिनेत्री अक्षरा सिंह, बालीवुड के कामेडियन जानी लीवर अपनी कला का जलवा बिखेरेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विधायक रमेशचंद्र मिश्र व प्रशासन के अधिकारियों के साथ रणनीति बनाने में जुटे हैं। लखनऊ से आई 25 बच्चों की एक टीम शादी समारोह के साक्षी बने लोगों को उस दौरान श्रीराम कथा का अमृत पान कराएगी। 251 जोड़ों को विवाह के दौरान उप मुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित कई कैबिनेट एवं राज्य मंत्री आशीर्वाद देंगे। ड्रोन से वर-वधू पर गुलाब के फूल की पंखुड़ियों की पुष्प वर्षा की जाएगी। विधायक ने बताया कि वर-वधू को उनके तथा सहयोगियों द्वारा ढेर सारा उपहार दिया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ शाम पांच बजे से होगा। इसमें बालीवुड तथा भोजपुरी सुर सम्राट, सिने अभिनेता , सिंगर, कामेडियन आदि कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच जलवा बिखरेंगे। गोमती आरती, महोत्सव गीत, धोबिया लोकनृत्य, नटवरी कत्थक नृत्य, प्रणव सिंह (गायक), सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, भोजपुरी गायक आदर्श मिश्रा हरिहरपुर घराना (आजमगढ़) , कामेडियन जानी लीवर, दिव्य ज्योति संस्थान की प्रस्तुति, लखनऊ के बच्चों द्वारा कृष्णलीला, बालीवुड सिंगर हर्षित सक्सेना का कार्यक्रम रात्रि दस बजे तक चलेगा। दो नवंबर को जनकल्याणकारी योजनाओं का मेला, बेसिक शिक्षा विभाग के छात्रों व स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा मयूर नृत्य, फूलों की होली के साथ उड़ीसा की अभिलप्सा पांडा, भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी महोत्सव का हिस्सा बनेंगी।