फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: दो दिन में डीजल पेट्रोल की खपत दो गुना हुई

विज्ञापन
तेल लेने के लिए बाटल लेकर पहुंचे लोग। संवाद
विज्ञापन
जौनपुर। जनपद में पिछले दो दिनों से डीजल और पेट्रोल की खपत दो गुना बढ़ गई है। स्थिति यह है कि रात में जिस पेट्रोल पंप पर तेल पहुंच रहा है, वह अगले दिन सुबह होते-होते खत्म हो जा रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों के मुताबिक लोग अपनी जरूरत से कई गुना अधिक तेल ले रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग तेल की जमाखोरी कर रहे हैं। वह पेट्रोल पंप से तेल लेकर घर जाने के बाद गैलन आदि में रखकर स्टोर कर रहे हैं, जिससे यह स्थिति बन रही है और लोग पैनिक हो रहे हैं। जिले में 274 पंपों में से 20 फीसदी पेट्रोल पंपों पर दूसरे दिन शुक्रवार को भी तेल खत्म हो गया।
विज्ञापन

जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही के मुताबिक जनपद में प्रतिदिन औसतन 4 लाख लीटर डीजल और दो से ढाई लाख लीटर पेट्रोल की खपत होती थी। लेकिन, लोग पैनिक होने के कारण तेल जरूरत से अधिक ले रहे हैं। स्थिति यह रही कि 26 मार्च को 274 पेट्रोल पंपों से कुल 8.31 लाख लीटर डीजल और 5.51 लाख लीटर पेट्रोल की खपत हुई। हालांकि अभी भी स्थिति कंट्रोल में है। जिले में 11.31 लाख लीटर डीजल और 10.55 लाख लीटर पेट्रोल की उपलब्धता है। विभिन्न कारणों से अबतक 17 पेट्रोल पंपों पर नो फ्यूल होने की जानकारी मिली है। फिलहाल, जहां जरूरत हो रही है वहां तेल पहुंचवाया जा रहा है। साथ ही पुलिस बल की मदद से तेल को वितरण कराया जाएगा।
बदलापुर तहसील में नौ पंपों पर तेल नहीं, बाकी पर कतारें

बदलापुर। तहसील क्षेत्र में कुल 24 पेट्रोल पंप संचालित हैं। इनमें बाबा धीरदास, मां वैष्णव, अनिल कुमार मृदुल कुमार, बजरंग फिलिंग स्टेशन लेदुका, प्रसाद एंड सन्स, हीरालाल एंड सन्स सहित कुल नौ पंपों पर तेल नहीं है। जहां उपलब्ध है तो बाइक वालों को पेट्रोल दो सौ रुपये तक और डीजल पांच सौ रुपये तक दिया जा रहा है।
विज्ञापन

पूर्ति निरीक्षक अभिनव मिश्र ने बताया कि 24 पंप में से नौ पर डीजल-पेट्रोल नहीं है। हालांकि संचालक पैसा जमा कर चुके हैं। शीघ्र ही तेल आने की संभावना है। पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि ग्राहकों को डिब्बे में पेट्रोल व डीजल न दें।
कुछ पंप बंद बाकी पर अफवाह से भीड़
मछलीशहर। नगर के अन्नपूर्णा फिलिंग स्टेशन, आशीर्वाद पेट्रोल पंप छाछो, अरुआवा, सगुन पेट्रोल पंप पुरवा, कुरनी गांव स्थित पेट्रोल पंप पर सुबह से पेट्रोल-डीजल लेने के लिए कतार लगी रहीं। जबकि पंधारी पेट्रो सिटी चकमुबारकपुर और प्रसाद पेट्रोल पंप जमालपुर बंद है। दोनों पेट्रोल पंप पर तेल नहीं है। तेल की आपूर्ति बंद होने की अफवाह के कारण लोग डीजल और पेट्रोल लेकर स्टॉक जमा कर रहे हैं।
पेट्रोल पंप पर तेल नहीं होने से निराश लौट रहे लोग
मीरगंज। बंधवा बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं होने के कारण लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा। तेल नहीं मिलने के कारण कुछ बसें खड़ी करनी पड़ीं। मछलीशहर-वाराणसी हाईवे पर किशुनदासपुर, बभनियांव पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों की भीड़ लगी है। बंधवा बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर तेल नहीं होने के कारण वाहन स्वामियों को निराश लौटना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप संचालक का कहना है कि कल 12 हजार लीटर तेल आया था। रात में ही खत्म हो गया। बंधवा बाजार से जमालपुर मार्ग पर कुछ बसें डीजल नहीं मिलने के कारण नहीं चल पाईं।
लगभग चार गुना तेल की बिक्री हुई
मड़ियाहूं। गौरव पेट्रोल पंप पर शनिवार सुबह 11 बजे तक पेट्रोल-डीजल की बिक्री की गई, लेकिन स्टॉक समाप्त होते ही पंप बंद कर दिया गया। पंप संचालक अजय सिंह ने बताया कि ईंधन के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, सामान्य दिनों में जहां 5 से 6 हजार लीटर पेट्रोल की बिक्री होती थी, वहीं बृहस्पतिवार को करीब 20 हजार लीटर की बिक्री दर्ज की गई।
डब्बे व गैलन लेकर खड़े नजर आए लोग
रामनगर के इटाये बाजार में एस ऑटो मोबाइल्स पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ लगी थी। लोग डीजल-पेट्रोल के लिए बड़े-बड़े डब्बे व गैलन लेकर खड़े नजर आए और तेल के लिए हल्ला मचाते दिखे। अमर मगन फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता न होने के कारण वाहन स्वामियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मैनेजर कडेदीन कनौजिया ने बताया कि बाइक वालों को दो सौ का पेट्रोल और चार पहिया वाहनों में एक हजार रुपये का डीजल दिया गया। शीतला फ़िलिंग स्टेशन पर पेट्रोल लेने वालों की भीड़ थी। पंप मालिक महेंद्र सिंह ने बताया कि अफ़वाहों के चक्कर में लोग आवश्यकता से ज्यादा तेल लेने के लिए भीड़ लगा रहे हैं, बाइक वालों को दो सौ रुपये का पेट्रोल और बड़ी गाड़ियों को एक हजार से डेढ़ हजार रुपये का डीजल दिया जा रहा है।


तेल की जमाखोरी न करें : प्रदीप सिंह

उत्तर प्रदेश पेट्रोलियम संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष/जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने लोगों से अपील है कि तेल की जमाखोरी न करें। देखा जा रहा है कि ट्रैक्टर, कार, बाइक आदि में तेल भरवाने बाद घर पर उसे दूसरे पात्रों में भरकर लोग फिर लाइन में लग रहे हैं। इससे स्थिति खराब हो रही है। रात में आने वाला तेल सुबह होते-होते समाप्त हो जा रहा है। ऐसे में दिन में आने वाले तेल का ही वितरण करना पड़ रहा है। इसके चलते मजबूरी में तेलों की आवश्यकता अनुसार लिमिट तय कर दी गई है। लोग सोच रहे हैं तेल के दाम बढ़ेंगे, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है।
विभिन्न कारणों से अबतक 17 पेट्रोल पंपों पर नो फ्यूल होने की जानकारी मिली है। फिलहाल, जहां जरूरत हो रही है, वहां तेल पहुंचवाया जा रहा है। साथ ही पुलिस बल की मदद से तेल का वितरण कराया जाएगा। - संतोष विक्रम शाही, जिला पूर्ति अधिकारी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें