ओलंदगंज में नगर पालिका की गाड़ी से हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा तोड़ा गया डंफर का शीशा और जुटी भीड़। अमर उजाला
अलग-अलग हुए सड़क हादसों में सोमवार को दो युवकों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। पुलिस ने एक युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि हादसे की खबर पर जिला अस्पताल पहुंचे परिजन और छात्र दूसरे युवक का शव जबरन उठा ले गए।
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के कुद्दूपुर निवासी नितिन कुमार यादव (18) पुत्र श्यामदुंदर यादव बीआरपी इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्र था। दोपहर में वह अपने दोस्त की बाइक लेकर टीडी कॉलेज की ओर जा रहा था। बीआरपी इंटर कॉलेज से निकल कर मुश्किल से सौ मीटर आगे गया था तभी एक छात्र को बचाने के चक्कर में असंतुलित होकर वह सड़क पर गिर पड़ा। इतने में सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक उसपर चढ़ गई। करीब आधे घंटे तक छात्र सड़क पर गिरा पड़ा रहा। बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन और काफी संख्या में छात्र जिला अस्पताल पहुंच गए। शव देखने के लिए लाश घर को खोलवाया फिर जबरन शव लेकर चले गए।
उधर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जमुआई गांव निवासी फूलचंद्र का पुत्र विकास साइकल से आनापुर बाजार गया था। जहां वह एक प्राइवेट बस की चपेट में आ गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीसरी घटना नगर के ओलंदगंज तिराहे के पास हुई। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के वंशगोपालपुर निवासी रामतवक्कल के पुत्र रवि प्रकाश (22), और जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी भानु प्रताप के पुत्र अजय कुमार (24) एक ही बाइक से मछली शहर पड़ाव की ओर जा रहे थे। अभी वे ओलंदगंज तिराहे के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहा नगरपालिका परिषद का डंफर बाइक पर चढ़ गया। दोनों युवक डंफर के नीचे आ गए। और संयोग था कि डंफर का पहिया उनपर नहीं चढ़ा। स्थानी लोगों ने दोनों को नीचे से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।