जौनपुर। डॉयल 112 की सूची उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय से प्रति माह जारी की जाती है। जौनपुर में किसी आपराधिक घटना होने के बाद 5.88 मिनट में डॉयल 112 की टीम पहुंचती है। इससे जिले के रिस्पांस टाइम में सुधार हुआ है। इस बार प्रदेश के 75 जिलों में जनपद की 12 वीं रैंक है तो वहीं मार्च में 20 वीं थी।
जिले का पीआरवी औसत 5.88 मिनट का है। जिले में कुल 14 हजार 494 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 13251 मामले ऐसे रहे जिसमें टीम 10 मिनट के भीतर पहुंची। साथ ही 10 से 15 मिनट के भीतर 956, 15 से 30 मिनट में 270 जगहों, 30 मिनट से अधिक समय पर 8 जगहों पर पहुंचेगी। 10 मिनट के अंदर पहुंचने वाले प्रकरणों का औसत 91.42 फीसदी रहा। यह प्रदेश के 75 जिलों में 12 वें पायदान पर है। मार्च में 10 मिनट के भीतर पहुंचने वाले प्रकरणों का औसत 89.72 फीसदी रहा, जिसमें प्रदेश में 20 वीं रैंक रही।
पुलिस से संतुष्टि में जिला 61 वें पायदान पर -डॉयल 112 कॉलर की संतुष्टि में जनपद वार रैंकिंग जारी की जाती है। इसमें उच्च प्राथमिकता की 1048 घटनाएं हुईं। इसमें कॉलर ने फीड बैक दिया। सामान्य प्राथमिकता की 3212 घटनाओं में कॉलर ने फीडबैक दिया। फीडबैक कॉल की कुल 4260 संख्या है, जिनमें कॉलर ने जवाब दिया। इसमें से संतुष्ट 3760 लोग हुए। इनका फीसदी 88.26 फीसदी रहा, इस प्रोजेक्ट में जनपद 61 वें पायदान पर है। मार्च में कॉल करने वालों का 87.24 फीसदी रहा, जिस हिसाब से रैकिंग भी 61 वें पायदान पर थी।
पिछले छह महीने के आंकड़े-डॉयल 112 के तहत जिले का रिस्पांस टाइम देखा जाए तो अक्तूबर 2024 में 8.07 मिनट के साथ प्रदेश में रैंकिंग 58 थी। इसी तरह नवंबर 2024 में प्रदेश में 48 रैंक के साथ रिस्पांस टाइम 8.16 मिनट, दिसंबर 2024 में रिस्पांस टाइम 7.53 मिनट व रैंक 41 वीं थी। जनवरी 2025 में रिस्पांस टाइम 7.53 मिनट व रैंक 32, फरवरी 2025 में रिस्पांस टाइम 4.18 मिनट व रैंक छठी थी। इसी तरह मार्च 2025 में रिस्पांस टाइम 5.51 मिनट व रैंक 20 वीं थी। इसके अलावा अप्रैल में रिस्पांस टाइम 5.88 मिनट व रैंक 12 वें स्थान पर है।
केस वन :-केराकत कोतवाली क्षेत्र के खर्गसेनपुर निवासी राधिका ने बताया 23 मई को पड़ोसी से विवाद हो गया। सूचना केराकत 112 पुलिस को दी गई। 7 मिनट में ही पुलिस आई और हमें राहत मिली।
केस टू :-सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी गांव में बीते 23 मई को बराती व घराती में मारपीट हो गई। घटना के 15 मिनट बाद डॉयल 112 की टीम पहुंची। इसके बाद वहां मामला शांत हुआ।
डॉयल 112 के पीआरवी वाहन में 64 वाहन हैं। इसमें 24 दो पहिया व 48 चार पहिया वाहन हैं। डॉयल 112 में प्रभारी निरीक्षक सैय्यद हुसैन मुंतजर के नेतृत्व में पिछले कुछ महीने में टीम अच्छा काम कर रही है। इसमें गाड़ियों का प्लेसमेंट, ड्यूटी, लोगों की सुरक्षा, मानीटरिंग आदि बिंदुओं का ख्याल रखा जाता है। जिले की अच्छी सड़कें व वाहनों की संख्या में वृद्धि कर दी जाए तो यहां के रिस्पांस टाइम में और बढ़ोतरी होगी। -डा.कौस्तुभ कुमार, पुलिस अधीक्षक।