जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए शासन ने 15 वें वित्त आयोग से टाइड व अनटाइड फंड की दूसरी किस्त जारी की है। करीब 72 करोड़ 59 लाख रुपये ग्राम पंचायतों के खाते में पहुंच गए हैं। इससे गांवों में नाली, खड़ंजा, ठोस-द्रव अपशिष्ट प्रबंधन आदि विकास कार्य होंगे।
ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए शासन की ओर से 15 वें वित्त आयोग से टाइड व अनटाइड फंड के तहत बजट जारी किया जाता है। बजट की धनराशि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में दो अलग-अलग किस्तों में जारी करने की व्यवस्था है। इस वित्तीय वर्ष में टाइड और अनटाइड फंड की पहली किस्त अगस्त-सितंबर 2024 में भेज दी गई थी। इस राशि से गांवों में विकास कार्य शुरू करा दिए गए, लेकिन पैसा खत्म होने के कारण विकास कार्य ठप हो गए। ग्राम पंचायतों को बजट का इंतजार था। अब शासन की ओर से टाइड व अनटाइड फंड की दूसरी किस्त भी जारी कर दी गई है। इसमें 43 करोड़ 55 लाख 83 हजार 810 रुपये टाइड और 29 करोड़ 3 लाख 89207 रुपये अनटाइड फंड की धनराशि 1734 ग्राम पंचायतों को मिली है। ग्राम एवं क्षेत्र पंचायतों को मिली धनराशि से गांवों में नाली के साथ ही फिल्टर चेंबर, सोख्ता, मिट्टी भरान आदि कार्य कराए जाएंगे। वहीं, जिला पंचायत के बजट से सड़कों का निर्माण, मरम्मत समेत अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। डीपीआरओ नत्थुलाल ने बताया कि 15 वें वित्त आयोग से पंचायतों को टाइड व अनटाइड फंड की दूसरी किस्त मिली है। इस धनराशि से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को रफ्तार मिलेगी। धनराशि के खर्च की निगरानी की जाएगी।