जौनपुर। वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर कलीचाबाद के पास संकरी पुलिया पर आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए वहां यातायात पुलिस की तैनाती कर दी गई है। इसके चलते दो दिन से हाईवे पर जाम नहीं लग रहा है। यात्रियों ने राहत मिली है।
वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर कलीचाबाद के पास नाले पर बनी पुलिया संकरी होने के चलते यहां अक्सर जाम लग जाता है। इन दिनों शादी-विवाह के चलते वाहनों का दबाव बढ़ने पर समस्या और भी गंभीर हो गई थी। बीते सोमवार, मंगलवार और बुधवार दोपहर से आधी रात तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा था। इस समस्या को अमर उजाला ने गुरुवार के अंक प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसे संज्ञान में लेते हुए यातायात प्रभारी ने कलीचाबाद पुलिया पर यातायात पुलिस की तैनाती कर दी है। इसका परिणाम यह रहा कि शुक्रवार और शनिवार को कलीचाबाद में एक बार भी जाम नहीं लगा। यातायात पुलिस प्रभारी वीरेंद्र कुमार बरवार ने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक के दो सिपाहियों की तैनाती की गई है।