जौनपुर। निजामुद्दीन के तबलीगी जमात के इज्तिमा लौटने वाले 12 जमाती खेतासराय के मानीकला गांव और एक गौराबादशाहपुर के बारी गांव में मिले हैं। अलग-अलग जिलों के ये जमाती 17 मार्च से यहां रह रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि लॉक डाउन के चलते वह घर नहीं जा सके। स्वास्थ्य परीक्षण कराकर सभी को शाहगंज के सर सैयद कॉलेज में बने आश्रय स्थल में 14 दिन के क्वारंटीन में रखा गया है। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जमात से लौटे लोगों की तलाश में पुलिस व खूफिया इकाई की टीम जांच में जुटी रही।
दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के इज्तिमा में शामिल अकीदतमंद कोरोना की पुष्टि के बाद देश भर में इज्तिमा में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है। मंगलवार को पुलिस ने तीन दिन पहले दिल्ली, नोएडा से बस से आए 34 जमातियों को मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के आश्रय स्थल से चिह्नित कर उन्हें अन्य लोगों से अलग शिया कॉलेज परिसर में क्वारंटीन में रखा गया है। उधर, देर शाम सात जमाती बदलापुर से मिले थे। इज्तिमा से लौटे जमातियों की तलाश में पुलिस ने मस्जिद, मदरसों व अन्य संदिग्ध स्थलों पर जांच की। खेतासराय के मानी कला में मंगलवार की रात पुलिस को 12 जमाती मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह 17 मार्च को यहां आए। सभी को शिया कॉलेज भेजवाया गया। वहां जगह नहीं होने पर शाहगंज के सर सैयद इंटर कॉलेज के आश्रय स्थल में ले जाया गया। उन्हें 14 दिन तक क्वारंटीन में रखा गया है। इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शाहिद नइम ने बताया कि सभी 12 जमातियों को एक बड़े कमरे में रखा गया है। उन्हें सैनिटाइजर व नई चादरें दी गई हैं। उधर, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बारी गांव में एक वृद्ध के जमात से लौटने की खबर के बाद मुफ्तीगंज सीएचसी के प्रभारी श्रवण यादव के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची। मस्जिद में रह रहे वृद्ध की जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पूछताछ में वृद्ध ने बताया कि जमात में शामिल होने के बाद वह बैरीडीह लालगंज गए। वहां से बुधवार को लौटकर गांव के मस्जिद में थे। गौराबादशाहपुर पुलिस ने मस्जिद के मौलवी नुरुल्लाह को हिदायत दी कि अगर कोई आता है तो इसकी सूचना स्वास्थ्य और पुलिस विभाग को तत्काल दें।
मदरसा-मस्जिदों में हुई जमातियों की तलाश
मछलीशहर। कोतवाली पुलिस ने नगर की मस्जिदों व मदरसों में पहुंचकर वहां पर रुके लोगों के बारे में पूछताछ की। उनके पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज देखे। हालांकि कोई संदिग्ध नहीं मिला। सीओ अवधेश शुक्ला के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने नगर के पुरवा मोहल्ला स्थित गौसिया सुक्रिया मदरसा, शाही रोड के बगल मोती नगर में स्थित मदरसा रियाजुल उलूम, शाही मस्जिद व जामा मस्जिद आदि जगहों पर जांच की। पुलिस ने मदरसा और मस्जिद में मौलवियों को बाहर से किसी व्यक्ति के आने की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की हिदायत दी। जांच टीम में कोतवाल पंकज पांडेय, ईओ अनिल सिंह, एसआई शिवराज सिंह यादव, महिला एसआई सविता यादव, महेंद्र यादव, कालिका, संदीप आदि शामिल रहे।
पकड़े गए सात जमातियों पर केस दर्ज
बदलापुर। कस्बे के वार्ड क्रमांक आठ के निवासी रिजवान अली के घर से पकड़े गए सात जमातियों पर पुलिस ने धारा 144 के उल्लंघन करने और संक्रमण फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया है। एसडीएम अंजनी कुमार सिंह, सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी राजेश यादव ने वार्ड क्रमांक आठ के निवासी मो.रिजवान आलम के घर छापेमारी कर पुरानी दिल्ली निवासी मो.इमरान, शाने आलम, मो.शहीद खान, मो.कासिब, मो.जीशान, मो.नासिर और जहीर अहमद को पकड़ा था। इनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। अधीक्षक डॉ.संजय दुबे के मुताबिक किसी में भी कोराना के लक्षण नहीं मिले हैं। सभी को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। एसओ ने बताया कि लॉक डाउन का उल्लंघन करते हुए धर्म प्रचार के मामले में सभी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।