मड़ियाहूं। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में किसानों, गरीबों और मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए धरना दिया। तहसील अध्यक्ष विनय कुमार पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पांच सूत्री मांगों के लिए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मड़ियाहूं को सौंपा। ज्ञापन में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए पुराना बिजली बिल माफ करने और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की मांग की गई। किसान यूनियन ने आरोप लगाया कि प्रधानों और अधिकारियों की मिलीभगत से गांवों के विकास के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। संगठन ने ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की पारदर्शिता तय करने और सरकारी धन का सही इस्तेमाल कराने की मांग उठाई। धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसानों, गरीबों और मजदूरों की समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है। उन्होंने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की। इस मौके पर राम आसरे गौतम, अमरनाथ पटेल, गीता पटेल, उर्मिला, मनीषा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद