खेतासराय। शाहगंज सोंधी ब्लॉक मुख्यालय पर मंगलवार को ग्राम प्रधानों ने प्रधानी चुनाव समय से कराए जाने तथा वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की तथा मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी को सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान संघ के ब्लॉक उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किया।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के ग्राम प्रधानों का कार्यकाल आगामी 26 मई को समाप्त हो रहा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में समय पर चुनाव कराए जाने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। प्रधानों ने आशंका जताई कि यदि समय से चुनाव नहीं कराए गए तो पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
प्रधानों का कहना था कि ग्राम पंचायत ग्रामीण प्रशासन की अहम इकाई है। ऐसे में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक शून्यता उत्पन्न होने पर आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
प्रधान संघ ने मांग की कि या तो समय से पंचायत चुनाव कराए जाएं या फिर वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए। इसके अलावा अन्य राज्यों की तर्ज पर कार्यकाल बढ़ाने की मांग उठाई। इस मौके पर उपाध्यक्ष परमानंद यादव, संतोष कुमार, ज्ञानचन्द्र, इकराम, इस्राइल अहमद, प्रधान प्रतिनिधि अयाज अहमद सहित कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।