जाैनपुर में युवक की लाश बीते रविवार को मिली थी। परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करने लगे। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
UP Crime: जाैनपुर के सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर गांव में रविवार की सुबह मिले युवक के शव को परिजनों ने 17 घंटे तक अपने दरवाजे पर ही रखा। उन्होंने दोबारा पोस्टमार्टम कराने व आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज किया तो सोमवार ढाई बजे परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
विज्ञापन
गांव निवासी भारत के पुत्र रणजीत का शव गांव में ही घर से 50 मीटर दूर एक निर्माणाधीन मकान के बाहर मिला था। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच-पड़ताल में जुटी थी।
सोमवार को मृतक के परिजन शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने व हिरासत में लिए गए चार लोगों क्रमशः अखिलेश, शनि, दिवाकर व हरीलाल के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने की मांग पर अड़ गए। सोमवार की दोपहर तक परिजनों ने शव नहीं उठाया था। सड़क पर शव रख चक्काजाम की चेतावनी दी।
विज्ञापन
इस पर पुलिस ने हिरासत में लिए गए चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि मृतक के पिता भारत की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।