मुंगराबादशाहपुर। भोजवाल समाज की उठान को लेकर महाकुंभ के संयोजक इंजी. उमाशंकर भोजवाल के आवास पर शनिवार को बैठक की गई। मुख्य अतिथि भोजवाल महासम्मेलन के आयोजक व राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण आजाद ने इष्ट देवता कश्यप ऋषि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर बैठक की शुरुआत की। इसमें भोजवाल समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी व अन्नाकला बोर्ड स्थापना एवं समाज की मजबूती आदि मुद्दों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण आजाद ने कहा कि देश के आजाद हुए 77 वर्ष बीत गए। लेकिन भोजवाल समाज राजनीति से आज भी वंचित है। संख्या के हिसाब से भोजवाल समाज को हिस्सेदारी मिले। कहा कि जब एक करोड़ भोजवाल समाज अपने हक के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ेंगे तो निश्चित ही तो सरकार उनकी अनदेखी नहीं कर पाएगी। भोजवाल महाकुंभ के संयोजक इंजी. उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि माटी कला बोर्ड के तर्ज पर यूपी और केंद्र की सरकार अन्नाकला बोर्ड की स्थापना करें। बैठक में 20 जुलाई रविवार को लखनऊ के इंदिरा नगर में स्थित ऑडिटोरियम में होने वाले भोजवाल प्रबुद्धजन सम्मेलन में समाज के लोगों को पहुंचाने की अपील की। संचालन रंजीत भोजवाल ने किया। इस अवसर पर इंजीनियर उमाशंकर भोजवाल, रंजीत भोजवाल, अमित भोजवाल, संतोष भोजवाल आदि मौजूद रहे।