जौनपुर। कोरोना काल में रोजगार खो चुके ठेला, खोमचा, पटरी दुकानदार और दिहाड़ी मजदूरों को एक हजार रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा से इस वर्ग के लोगों में खुशी है। सरकार के एलान के बाद जिम्मेदार उन्हें लाभान्वित करने की तैयारी में जुट गए हैं। ऐसे लोगों का आंकड़ा जुटाने के लिए टीमों का गठन हो रहा है। टीम की ओर से चयनित पात्रों को शीघ्र योजना का लाभ दिया जाएगा।
शहर में ठेला, खोमचा, रेहड़ी आदि पटरी दुकानदार सहित दिहाड़ी मजदूर, ई-रिक्शा चालक, पल्लेदार आदि रोज कमाते थे। यही उनके भरण-पोषण का सहारा रहा है। कोरोना कर्फ्यू लगने से उनकी आजीविका छिन गई है। उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। कइयों के परिवार ऐसे हैं, जो भूखों रहने को विवश हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए सरकार ने ऐसे लोगों को इस संक्रमण काल में एक हजार रुपये आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। इस निर्देश के बाद जिले में ऐसे लोगों को चिह्नित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सभी नगरीय निकायों के जिम्मेदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों का चयन करने के लिए टीमों के गठन का कार्य शुरू कर दिया है। यह टीम पटरी व्यवसायियों का चयन करेगी, जिसके बाद उनको लाभान्वित किया जाएगा। हालांकि इसके पहले पीएम स्व निधि योजना का लाभ देने के लिए ऐसे लोगों का पंजीकरण किया गया है। इस दौरान करीब 11 हजार 511 लोगों का पंजीकरण किया गया है। नोडल अधिकारी नगर निकाय एडीएम भू-राजस्व राजकुमार द्विवेदी का कहना है कि सभी नगर निकायों को ऐसे लोगों को चिह्नित कर लाभान्वित करने की तैयारी शुरू करने का निर्देश दे दिए गए हैं। हालांकि पहले से नगर निकायों में करीब 11 हजार 511 पटरी दुकानदार पंजीकृत हैं। जिनका चयन पीएम स्वनिधि के तहत किया गया है।
---
नगर निकायवार पंजीकृत पटरी दुकानदार
जौनपुर। पीएम स्वनिधि योजना का लाभ देने के लिए नगर निकायों में ठेला, खोमचा आदि पटरी दुकानदारों का चयन कर पंजीकरण किया गया है। सबसे अधिक नगर पालिका जौनपुर में इनकी संख्या है। नगर पालिका परिषद जौनपुर में 7512, नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाह पुर में 760, नगर पालिका परिषद शाहगंज में 394 के अलावा नगर पंचायत बदलापुर में 437, नगर पंचायत मड़ियाहूं में 464, नगर पंचायत खेतासराय में 411, नगर पंचायत जफराबाद में 644, नगर पंचायत केराकत में 247, नगर पंचायत मछलीशहर में 642 लोग पंजीकृत हैं।