सिद्दीकपुर स्थित मां दुर्गा जी स्कूल में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहु?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सालयों में लापरवाही से किसी की मौत होते है तो इसके जिम्मेदार बक्शे नहीं जाएंगे। मामले की जांच करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मां दुर्गा जी विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित चिकित्सा शिविर के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति गंभीर है। सबको बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुलभ कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के निजी अस्पतालों में दस दिनों में छह लोगों की मौत की बात पता चलने पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उमानाथ सिंह स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में सुविधाओं की कमी और अधूरी तैयारी के बीच ओपीडी शुरू करने के सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली।
मां दुर्गा जी विद्यालय के संस्थापक डा. छबिनाथ सिंह की 78 वीं जयंती पर आयोजित चिकित्सा शिविर का उन्होंने दीप जलाकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि छबिनाथ सिंह ने जिस मकसद से विद्यालयों की स्थापना की, उसे पूरा करना सबका दायित्व है। प्रबंधक डा. सूर्य प्रकाश सिंह और निदेशक सूर्यांश प्रकाश सिंह ने उनको सम्मानित किया। प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह ने स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने डा. अनुरंजन विश्वकर्मा, डा. जयेश सिंह, डा. अवनीश सिंह, डा.आयुष पटेल, डा. देवेंद्र सिंह, डा. अचिंत्य सिंह को सम्मानित किया। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, एमएलसी ब्रिजेश सिंह प्रिंशू, शाहगंज के विधायक रमेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, अजय दुबे, मधुसूदन मिश्र, संजय पाठक आदि मौजूद रहे। संचालन छात्रा कोमल सिंह ने किया।