खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के कपसिया गांव में मंगलवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह ग्राम प्रधान के घर गेहूं की मड़ाई कर शाम को घर लौटा तो अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे लेकर अस्पताल गए जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने तहरीर देकर ग्राम प्रधान पर पुरानी रंजिश में जहरीली शराब पिलाकर मारने का आरोप लगा गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कपसियां गांव निवासी कृष्णचंद्र यादव (35) मंगलवार की शाम ग्राम प्रधान मेवालाल यादव के घर गेहूं की मंड़ाई करने गया था। रात में करीब दस बजे वह अपने घर पहुंचा। उसकी पत्नी कमलेशा देवी का आरोप है कि कृष्णचंद्र ने पूरे बदन में असहनीय दर्द होने की बात कही। गरम तेल से बदन की मालिश की गई लेकिन हालत बिगड़ती गई। गंभीर अवस्था में आधी रात को उसे चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग अस्पताल से शव लेकर घर आए और रात में ही डायल 112 पर सूचना दी। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा का कहना है कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में विषैले जंतु के काटने से भी मौत की चर्चा है। लोगों का कहना है कि युवक की झाड़फूंक भी कराई गई थी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह पता चल सकेगी।